इस बिल्डिंग में मिलता है पेड़ के नीचे ठंडी हवा में सोने वाला अहसास…

क्या आपको ऐसा घर चाहिए जिसमें पेड़ के नीचे ठंडी हवा में सोने का सुखद अहसास मिलता हो? अगर हां…तो आप पेरिस की इस इमारत से प्रेरणा लेकर अपने लिए ऐसा घर बनवा सकते हैं या फिर अपने घर को ऐसी बनावट में ढाल सकते हैं। पेरिस की इस इमारत को शहर का ‘फ्लावर टाॅवर’ कहा जाता है।


10 मंजिला है ये इमारत

फ्रांस की राजधानी और एफिल टाॅवर के लिए मशहूर पेरिस हाल ही में हुए आतंकी हमलों से दहशतजदा है। आतंकियों ने पहले भी इस खूबसूरत शहर की रंगत को फीका करने की कोशिश की है, लेकिन हर बार उनके मंसूबे यहां के क्रिएटिव लोगों की जिंदादिली के आगे नाकाम साबित हुए हैं। ताजा मिले जख्म के बाद ये शहर एक बार फिर चल पड़ा है। जीडीपी के लिहाज से दुनिया का 5वां सबसे बड़ा शहर पेरिस अपनी ऊंची और अनूठी इमारतों के लिए जाना जाता है। यहां एक 10 मंजिला ऐसी इमारत भी है जो पूरी तरह पौधों के बड़े गमलों से ढंकी हुई है।

इमारत में 380 बड़े गमले

‘फ्लावर टाॅवर’ के हर गमले में बांस के पौधे लगे हैं जो काफी घने हैं। पूरी इमारत में 380 बड़े गमले हैं। सभी गमले बालकनी में रखे गए हैं। इस इमारत को Edouard Francois ने डिजाइन किया है। बकौल एडुवर्ड, उन्होंने इसकी प्रेरणा एक पारसी से ली थी जिसे ऐसी बालकनी डिजाइन करने में महारत हासिल थी। सभी गमले बालकनी में फिक्स हैं और उनमें पानी डालने के लिए ‘आॅटोमेटिक वाटरिंग सिस्टम’ का इस्तेमाल किया गया है ताकि लोगों की छुट्टी के दौरान भी पौधों को पानी मिल सके। पेरिस में गर्मी के दौरान लोग लंबी छुट्टियों पर चले जाते हैं।

…तो इसलिए अपनाया ये विचार
एडुवर्ड फ्रैंकोइस के मुताबिक इमारत में बांस के पौधों का चयन इसलिए किया गया क्योंकि ये तेजी से बढ़ते हैं और इनसे हवा का प्रवाह बेहतर रहता है। इनसे लोगों को पेड़ के नीचे ठंडी हवा में सोने का अहसास भी मिलता है।

source : edouardfrancois