हाल ही में शुरू हुए टीवी शो ‘पहरेदार पिया की’ के खिलाफ गुस्सा बढ़ता जा रहा है। बता दें कि इस शो का विरोध तो तब से ही किया जा रहा है जब इसका प्रचार शुरू हुआ था।इस शो में 9 साल के बच्चे और 18 साल की लड़की की शादी दिखाई गई है। हद तो तब हुई जब शो पर सुहागरात और हनीमून वाले सीन आए। इससे दर्शकों के सब्र का बांध टूट गया।
इस प्रसारण के बाद ‘पहरेदार पिया की’ के खिलाफ change.org पर एक कैंपेन शुरू हुआ। इसमें 50 हजार से ज्यादा लोग शामिल हो गए हैं। लोगों ने इस शो के खिलाफ स्मृति ईरानी से शिकायत की है और इसे बंद कराने के लिए पिटीशन साइन की है।
‘पहरेदार पिया की’ की कहानी 18 साल की लड़की और 9 साल के बच्चे की है। कुछ हालात के कारण इनकी शादी हो जाती है। अफान खान इस शो में राजकुमार रतन सिंह का किरदार निभा रहे हैं। तेजस्वी ने 18 साल की राजकुमारी दिया सिंह का रोल किया है।